जेजेपी ने छात्र महापंचायत को लेकर भरी हुंकार डॉ. अजय चौटाला बोले, लोकतांत्रिक तरीके से हासिल करेंगे न्याय
JJP raised the slogan of a student mahapanchayat. Dr. Ajay Chautala said, "We will achieve justice through democratic means."
सिरसा। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि 27 अप्रेल को हिसार के क्रांतिमान पार्क में प्रस्तावित छात्र महापंचायत में केवल इनसो नहीं बल्कि प्रदेशभर के सभी छात्र संगठनों के साथ-साथ विभिन्न खाप पंचायतों के प्रतिनिधि व राजनीतिक पार्टियों के नेता भी शामिल होंगे
जो इस गंभीर मसले पर आगामी रणनीति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। वे शुक्रवार को बरनाला रोड स्थित चौटाला हाउस में डबवाली हलके के अलावा शेष चारों हलकों के विभिन्न प्रकोष्ठ पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। पार्टी के जिला प्रेस प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व डिप्टी सीएम के काफिले को रोकने व हथियार लहराने के मुद्दे पर पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने न्यायालय में याचिका दायर कर न्याय की मांग की थी जिस पर न्यायालय ने यह याचिका स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि इससे न्याय की उम्मीद काफी बढ़ गई है।
डॉ. चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जेजेपी को बदनाम करने के उद्देश्य से ही यह षड्यंत्र रचा गया, सीधे स्पष्ट रूप से सरकार हर कदम पर इस षड्यंत्र में शामिल थी। उन्होंने कहा कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाकर सरकार ने ऐसे षड्यंत्र की रचना की मगर पार्टी किसी भी अन्याय के आगे नहीं झुकेगी और लोकतांत्रिक तरीके व न्यायालय के माध्यम से न्याय हासिल करेगी। इससे पूर्व युवा जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने भी सरकार को घेरते हुए बीती 16 अप्रेल को हुए घटनाक्रम को पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ हिसार स्थित गुजवि में हो रहे अन्याय को लेकर वे ज्ञापन सौंपने गए थे मगर शासन की ओर से नाजायज तरीके से इनसो से जुड़े विद्यार्थियों का मामला होते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ न केवल केस बनाए गए जो निंदनीय है।
उन्होंने रहस्योद्घाटन किया कि पुलिस ने जिन सात कार्यकर्ताओं को रात ढाई बजे उठाया, उनमें से 6 के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं था जिससे प्रमाणित होता है कि शासन जानबूझकर पार्टी को बदनाम करने के लिए झूठे षड्यंत्र रच रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला व युवा जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने संयुक्त रूप से सभी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में हिसार में प्रस्तावित 27 अप्रेल की छात्र महापंचायत में शामिल हों ताकि छात्रों को न्याय मिले और सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई जा सके। इससे पूर्व जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भरोसा दिया कि सिरसा से छात्र महापंचायत में अधिकाधिक संख्या में भाग लेंगे और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
