देवशयनी एकादशी पर श्याममय हुआ खाटू श्याम धाम, पूरी रात गूंजे बाबा के जयकारे, गणेश वंदना से हुआ शुभारंभ
mahendra india news, new delhi
सिरसा। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट रानियां रोड स्थित श्री खाटू श्याम धाम में देवशयनी एकादशी के अवसर पर श्री श्याम परिवार ट्रस्ट की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और मंदिर परिसर देर रात तक बाबा श्याम के जयकारों व भक्ति रस से सराबोर रहा। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट के सदस्य दिपेश गोयल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के पुजारी रामशरण और उमेश ने संरक्षक भारत भूषण गुप्ता की देखरेख में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद बाबा को भंडारे का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। भजन संध्या में मंदिर कमेटी के प्रधान डॉ. श्याम सुंदर गुप्ता और डॉ. मनदीप सिंह ने गणेश वंदना के साथ बाबा श्याम का गुणगान शुरू किया।
चंदन चौक पुरावा मंगल कलश सजावां, प्यारा सा मुखड़ा, घुंघराले केश, मन की बातें सांवरिया, शरणागत की श्याम, दानी होकर क्यों चुप बैठा, ओ श्याम बाबा और मुझे श्याम तेरा सहारा नहीं होता... जैसे भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं थारी मोर छड़ी लहराओ... भजन पर श्रद्धालु देर रात तक नाचते-गाते बाबा की भक्ति में लीन रहे। भजन संध्या के समापन पर बाबा श्याम की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। रविवार को द्वादशी के अवसर पर बाबा को खीर-चूरमे का भोग अर्पित किया गया तथा भक्तों में प्रसाद बांटा गया। इस अवसर पर संजीव गुप्ता, सुमित चौधरी, सुमित अग्रवाल, रमेश मोगा, संदीप कस्बा, महेंद्र सैनी, मीना गुप्ता, दीपा गुप्ता, सरोज अग्रवाल नुहियांवाली, पूनम गुप्ता, सुमित नुहियांवाली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
