29 मई को खुईयां टोल प्लाजा रहेगा पर्ची मुक्त करवाने के लिए जनसंपर्क अभियान जारी: लखविंद्र सिंह
Khuiyan toll plaza will remain slip-free on May 29th; public relations campaign underway to make it slip-free: Lakhwinder Singh
mahendra india news, new delhi
सिरसा। संयुक्त किसान मोर्चा गैर-राजनीतिक (भारत) के आह्वान पर किसानों-मजदूरों की मांगों को लेकर पंजाब, हरियाणा तथा राजस्थान में टोल प्लाजा को पर्ची मुक्त किया जा रहा है। इसी कड़ी में भारतीय किसान एकता (BKE) द्वारा किसानों मजदूरों के सहयोग से शुक्रवार, 29 मई 2026 को खुईयां टोल प्लाजा (डबवाली) को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक पर्ची मुक्त किया जाएगा। भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान आंदोलन भाग-1 एवं भाग-2 की शेष मांगों को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है।
किसानों पर थोपे जा रहे कर-मुक्त व्यापार समझौते, बिजली बिल 2025, सीड्स बिल 2025 तथा खेती-किसानी विरोधी नीतियों के खिलाफ किसानों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थानीय समस्याएं भी लगातार बढ़ती जा रही हैं। खरीफ 2020 का डबवाली, कालांवाली तथा गोरीवाला तहसीलों का बकाया मुआवजा आज तक जारी नहीं किया गया है। रोड़ी, कालांवाली, ओढ़ां एवं डबवाली क्षेत्र के किसानों के खेतों तक सिंचाई पानी पहुंचाने के लिए घग्गर नदी से फलड़ी नाला निकालने की मांग लंबे समय से लंबित पड़ी है।
नहरी पानी की सप्लाई भी पूरी तरह बाधित है, जिससे किसान परेशान हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सुधार, गेहूं की बकाया पेमेंट जारी करने तथा किसानों- मजदूरों की अन्य लंबित मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारतीय किसान एकता (इङए) की टीम द्वारा गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार, 27 मई को संगठन की टीम से बीकेई प्रदेश महासचिव अंग्रेज सिंह कोटली, मीडिया प्रभारी गुरलाल सिंह भंगू, गुरजीत सिंह मान, राजू फूलकां, कंता सिंह भंगू ने घुक्कांवाली, नुईयांवाली तथा सालमखेड़ा सहित कई गांवों में पहुंचकर किसानों को खुईया टोल प्लाजा आंदोलन में शामिल होने का न्योता दिया।
औलख ने किसानों, मजदूरों, व्यापारियों तथा आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस संघर्ष को मजबूत करें, ताकि किसानों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंच सके।उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा पर आने वाले किसानों एवं आमजन के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और गांवों द्वारा सेवा का प्रबंध भी किया गया है। गुरुद्वारा श्री चोरमार साहिब की ओर से लंगर सेवा, गांव नीलांवाली के ग्रामीणों द्वारा ठंडे पानी की सेवा, सिंधु मोटर्स डबवाली द्वारा बिस्कुट सेवा तथा अलग-अलग गांवों से दूध की सेवा पहुंचाई जाएगी।
