बसंत पंचमी पर संगम स्कूल भरोखां में पतंग बनाओ प्रतियोगिता आयोजित
mahendra india news, new delhi
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर गांव भरोखां स्थित संगम स्कूल में पतंग बनाओ प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस रंगारंग प्रतियोगिता में विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी व आकर्षक पतंगों ने पूरे विद्यालय परिसर को बसंती रंग में रंग दिया। इस आयोजन की अध्यक्षता विद्यालय के मुख्य अध्यापक छगन सेठी ने की।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतवर्ष तीज-त्योहारों की समृद्ध परंपरा वाला देश है और ऐसे पर्व हमारी संस्कृति से जुडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि संगम स्कूल में सभी प्रमुख त्योहारों से संबंधित शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का नियमित रूप से आयोजन किया जाता है
ताकि बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उनमें आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति, रंगों के संयोजन और कलात्मक कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल की भूमिका शीतल मेहता, अंजू तिंहा, कविता सैन एवं कोमल प्रीत तथा भारती मोंगा ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की पतंगों का मूल्यांकन उनकी सुंदरता, रचनात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर किया।
इस प्रतियोगिता में गुरुनूर सिंह एवं सुखसागर ने प्रथम स्थान, समर जांगड़ा ने द्वितीय, जबकि अमित सोनी और कार्तिक रोज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को विद्यालय की ओर से बधाई दी गई तथा सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती हैं और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
