home page

कालांवाली में अस्थाई कोर्ट शुरू करवाने को लेकर मैदान में उतरे कुलदीप सिंह गदराना, चलाएंगे विशेष अभियान

 | 
news

mahendra india news, new delhi
कालांवाली में अस्थाई कोर्ट जल्द शुरू करवाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एडवोकेट कुलदीप सिंह गदराना भी सक्रिय हो गए हैं। इस संबंध में उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कालांवाली क्षेत्र की जनता से विकास से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की है। एडवोकेट कुलदीप सिंह गदराना ने बताया कि कालांवाली क्षेत्र को लंबे समय से स्थाई कोर्ट की आवश्यकता है। इस मांग को लेकर शहरवासियों और आसपास के गांवों के लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन कालांवाली के प्रयासों से क्षेत्र के लोगों को जल्द ही कोर्ट की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

बार एसोसिएशन की ओर से उपमंडल कार्यालय के नजदीक स्थित नगरपालिका के सामुदायिक केंद्र में अस्थाई कोर्ट शुरू करने का प्रस्ताव प्रशासन को भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका का सामुदायिक केंद्र अस्थाई कोर्ट के लिए उपयुक्त स्थान है। यहां अधिवक्ताओं और न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हो सकती हैं। इसके अलावा उपमंडल कार्यालय और कोर्ट एक-दूसरे के नजदीक होने से आमजन को भी अपने कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी और उन्हें इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।


कालांवाली के विकास को लेकर एकजुट हो जनता:
कुलदीप सिंह गदराना ने कहा कि कालांवाली के विकास से जुड़े किसी भी मुद्दे को राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। शहरवासियों और ग्रामीणों को क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर प्रयास करने चाहिए, ताकि कालांवाली क्षेत्र में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उन्हें अपने काम करवाने के लिए डबवाली या सिरसा तक की दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि कालांवाली से पहले भी बीडीओ कार्यालय, बीईओ कार्यालय और कृषि विभाग के कार्यालय ओढ़ां में स्थानांतरित किए जा चुके हैं। इन कार्यालयों को कालांवाली से गए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इन्हें वापस कालांवाली नहीं लाया जा सका है। इसका खामियाजा आज भी कालांवाली क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में शहरवासियों को विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने की आवश्यकता है।

WhatsApp Group Join Now


अस्थाई कोर्ट शुरू करवाने के लिए सेशन जज व डीसी से करेंगे मुलाकात:
एडवोकेट कुलदीप सिंह गदराना ने बताया कि कालांवाली के सामुदायिक केंद्र में जल्द अस्थाई कोर्ट शुरू करवाने के लिए वह शहर के साथ-साथ कालांवाली क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इस दौरान शहर व गांवों के जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और पंचों को साथ लेकर सेशन जज एवं डीसी सिरसा से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि कालांवाली में जल्द से जल्द अस्थाई कोर्ट शुरू हो, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।