बीकेई के सिरसा प्रदर्शन में गांव रोहिड़ांवाली से बड़ी संख्या में पहुंचेंगे किसान: भरत सिंह गोदारा
mahendra india news, new delhi
भारतीय किसान एकता (बीकेई) के ब्लॉक प्रधान भरत सिंह गोदारा ने गांव रोहिड़ांवाली में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों एवं मजदूरों की राष्ट्रीय और स्थानीय मांगों को लेकर भारतीय किसान एकता (BKE) द्वारा बुधवार, 5 अगस्त को सिरसा में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी किसान एवं मजदूर सुबह 10:30 बजे जाट धर्मशाला, सिरसा में एकत्रित होकर उपायुक्त कार्यालय तक मार्च निकालेंगे और जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को मांग-पत्र सौंपेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में एफटीए रद्द करने, एमएसपी खरीद गारंटी कानून लागू करने, किसानों-मजदूरों की संपूर्ण कर्ज मुक्ति, बिजली संशोधन विधेयक एवं सीड्स बिल वापस लेने सहित विभिन्न राष्ट्रीय मांगें उठाई जाएंगी। वहीं स्थानीय मांगों में पर्याप्त नहरी पानी, निर्बाध बिजली, खाद की उपलब्धता, यूरिया घोटाले के मास्टरमाइंड पर कार्रवाई, लंबित फसल मुआवजा एवं बीमा क्लेम जारी करने सहित किसानों से जुड़े अन्य मुद्दे प्रमुख रहेंगे।
भरत सिंह गोदारा ने गांव के सभी किसान, मजदूर एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सिरसा पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जगदेव सिंह, सरदूल सिंह, रणजीत सिंह, जग्गा सिंह, बिंदर सिंह, सुखजोत पुनिया, पाला राम सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
