पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रूपवास में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चरण-3 का शुभारंभ
mahendra india news, new delhi
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रूपवास में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'एक पेड़ मां के नाम 3' अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के प्राचार्य कमलजीत द्वारा पौधारोपण कर की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का सफल संयोजन नोडल यूथ इको क्लब के संयोजक रवींद्र चौहान द्वारा किया गया।
पौधारोपण के उपरांत विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए प्राचार्य कमलजीत ने कहा कि पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान न केवल हमें प्रकृति से जोड़ता है, बल्कि मां के प्रति हमारे सम्मान और कृतज्ञता को व्यक्त करने का एक अनुपम माध्यम भी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और ग्रामीणों से अपील की कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि एक मां की तरह उनकी देखभाल और सुरक्षा का संकल्प भी लें।
कार्यक्रम के संयोजक एवं नोडल यूथ इको क्लब प्रभारी रविंद्र चौहान ने अभियान की रूपरेखा सांझा करते हुए बताया कि यूथ इको क्लब के तहत विद्यालय में निरंतर पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस अभियान के तीसरे चरण के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इस अभियान से जुड़कर अपनी मां के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके बड़े होने तक उसकी नियमित देखभाल करें। इस अवसर पर विद्यालय से कृष्ण भाटी, पवन कुमार, सतंलाल, वासुदेव, सुनील व समस्त शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ तथा यूथ इको क्लब के सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
