home page

सिरसा के इतिहास एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा सुनैना मौर्य द्वारा लिखित पुस्तक "फूल सी कोमल सुनैना" का विमोचन

 | 
Launch of the book "Phool Si Komal Sunaina," authored by Sunaina Maurya, a student of the Department of History and Archaeology, Sirsa

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के इतिहास एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा सुनैना मौर्य द्वारा लिखित पुस्तक "फूल सी कोमल सुनैना" का विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार द्वारा विमोचन किया गया। इस अवसर पर कुलगुरु ने छात्रा की साहित्यिक उपलब्धि की सराहना करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी साहित्य, शोध और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पुस्तक लेखन जैसी उल्लेखनीय उपलब्धि सुनैना मौर्य की लगन, मेहनत, सृजनात्मक सोच और साहित्य के प्रति समर्पण को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी रचनात्मक क्षमताओं को पहचानें और शिक्षा के साथ-साथ साहित्य, संस्कृति एवं शोध गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान दें। इतिहास एवं पुरातत्व विभाग के अध्यक्ष प्रो. विष्णु भगवान ने कहा कि विभाग के विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ विभाग की अकादमिक परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाती हैं। सुनैना मौर्य की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि इतिहास एवं पुरातत्व विभाग तथा पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने सुनैना मौर्य को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


सुनैना मौर्य ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कुलगुरु प्रो. विजय कुमार, विश्वविद्यालय प्रशासन, विभागाध्यक्ष एवं विभाग के सभी अध्यापकों के मार्गदर्शन, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की प्रेरणा और समर्थन ने उन्हें लेखन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास प्रदान किया। अपनी पुस्तक "फूल सी कोमल सुनैना" के माध्यम से सुनैना मौर्य ने मानवीय संवेदनाओं, जीवन मूल्यों, संघर्ष, आशा, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक सोच को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया है। इस अवसर पर  प्रो. राजकुमार, डॉ. रोहताश, डॉ. नीलम रानी तथा राजीव उपस्थित रहे। 

WhatsApp Group Join Now