CDLU सिरसा के प्रबंधन विभाग में यूनियन बजट पर व्याख्यान का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के प्रबंधन विभाग में यूनियन बजट पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के चेयरपर्सन प्रो. संजीत कुमार ने की। प्रो. संजीत कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को केंद्रीय बजट के प्रमुख प्रावधानों तथा उनके आर्थिक एवं शैक्षणिक प्रभावों से अवगत करवाने के उद्देश्य से यह व्याख्यान आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अकादमिक आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उन्हें वर्तमान आर्थिक परिदृश्य से जोड़ने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्थिक विषयों पर निरंतर अध्ययन एवं विमर्श करने के लिए प्रेरित किया।
यह व्याख्यान एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा कामना अरोड़ा एवं छात्र दीपांशु द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बजट में शिक्षा, रोजगार, उद्योग, स्टार्टअप, कर संरचना तथा समग्र आर्थिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बजट किस प्रकार देश की अर्थव्यवस्था को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बजट से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका वक्ताओं ने सरल एवं स्पष्ट शब्दों में उत्तर दिया।
प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों की बजट संबंधी समझ को और अधिक सुदृढ़ किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने व्याख्यान को ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर एमबीए अंतिम वर्ष एवं पूर्व वर्ष के विद्यार्थी, शोधार्थी तथा विभाग के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
