SIRSA में डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमला: हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Mahendra india news, new delhi
सिरसा शहर के भादरा पार्क के निकट एक डिलीवरी बॉय पर चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास करने के मामले में शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। कीर्ति नगर पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की मां की शिकायत पर थाना शहर सिरसा में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार उनका बेटा विकास कुमार डिलीवरी का कार्य करता है। 30 जून को वह शहर में डिलीवरी देने गया हुआ था। इसी दौरान कीर्ति नगर निवासी मनी ने उसे फोन कर बेगू रोड स्थित एक स्कूल के पास बुलाया। पहले विकास ने आने से मना कर दिया, लेकिन बार-बार फोन आने पर वह वहां पहुंच गया। आरोप है कि मनी, अजय और कार्तिक उसे बाइक पर बैठाकर भादरा पार्क के पास ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ झगड़ा किया और पीछे से चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल विकास को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में आते ही उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद शहर थाना पुलिस और कीर्ति नगर पुलिस चौकी की टीम ने जांच तेज करते हुए महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी कार्तिक पुत्र भूपेंद्र सिंह उर्फ विक्की निवासी गली नंबर-4, मेला ग्राउंड, बेगू रोड, सिरसा को कीर्ति नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद, कर लिया है ।
पूछताछ में उसके अन्य साथियों की पहचान कर ली है, पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी व्यक्ति इस घटना में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर दोषियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा।
