home page

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव में घर पर गिरी आसमानी बिजली, युवती घायल, मकान क्षतिग्रस्त, बिजली के उपकरण जले

 | 
Lightning struck a house in a village in the Nathusari Chaupata area, injuring a young woman, damaging the house and burning electrical equipment
mahendra india news, new delhi

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव तरकांवाली में गुरुवार रात्रि को आसमानी बिजली गिरने से एक घर  क्षतिग्रस्त हो गया। आसमानी बिजली गिरने से बिजली के उपकरण जलने से नुकसान हुआ है। वहीं घर में दरारें आ गई और एक युवती घायल हो गई। जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। 


बताया जा रहा है कि आसमानी बिजली गिरने की यह घटना चंदुराम वर्मा के घर पर हुई, जहां बिजली गिरने से मकान में जगह-जगह गहरी दरारें पड़ गईं। चंदु राम ने बताया कि आसमानी बिजली घर की पानी की टंकी को चीरते हुए सीधे चौबारे पर गिरी, जिससे भवन चारों ओर से क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर के सभी बिजली उपकरण पंखा, कूलर, एसी, फ्रिज और एलसीडी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिससे लाखों रुपये का अतिरिक्त नुकसान हुआ है।


घटना के समय घर में मौजूद 18 साल की ज्योति घरेलू कार्य कर रही थी। अचानक बिजली के झटके (छर्रे) लगने से वह बेहोश हो गई। स्वजनों द्वारा तुरंत उसे सिरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के बाद अब उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। आसमानी बिजली के प्रकोप से मकान की छत (लेंटर) में भी कई जगह गंभीर दरारें आ गई हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार मकान को भी लाखों रुपये का भारी नुकसान पहुंचा है। 

WhatsApp Group Join Now

गांव निवासी चंदुराम वर्मा खेती के लिए जमीन हिस्से पर लेकर गुजर-बसर करते हैं और उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस प्राकृतिक आपदा में हुए भारी नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपने घर को खड़ा कर सकें। गांव में इस घटना के बाद भय का माहौल है और लोग आसमानी बिजली से बचाव के उपायों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।