शादी के लिए ऑनलाइन जीवनसाथी तलाश रहे हैं? मैट्रिमोनियल साइटों पर ठगी से सावधान, सिरसा पुलिस की एडवाइजरी
mahendra india news, new delhi
शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे लोगों को अब पहले से ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं, जो भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की चपत लगा रहे हैं। सिरसा पुलिस ने आमजन को ऐसे गिरोहों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए विशेष एडवाजरी जारी करते हुए कहा है कि शादी जैसे महत्वपूर्ण फैसले में जल्दबाजी न करें और बिना जांच-पड़ताल किसी अनजान व्यक्ति या बिचौलिए पर भरोसा न करें।
साइबर ठग व्हाट्सएप ग्रुप से जुटाते हैं कुंवारे युवकों का बायोडाटा
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने एडवाजरी में बताया है कि, गिरोह के सदस्य गांवों में बिचौलियों के रूप में सक्रिय होकर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुंवारे युवकों का बायोडाटा जुटाते हैं। इसके बाद शादी करवाने के नाम पर दो से पांच लाख रुपये तक की मांग की जाती है। शादी होने के कुछ दिन बाद कथित दुल्हन सोने के गहने, महंगे मोबाइल, कपड़े और अन्य सामान की मांग करने लगती है। बाद में मायके जाने का बहाना बनाकर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है तथा मोबाइल सिम बंद कर संपर्क तोड़ देती है।
मैट्रिमोनियल साइटों पर भी बिछा रखा है ठगी का जाल
एसपी दीपक सहारन ने एडवाजरी के माध्यम से बताया है कि ऑनलाइन रिश्ते तलाशने वालों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। साइबर ठग मैट्रिमोनियल साइटों और सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते हैं। कई बार वे खुद को आईएएस, आईपीएस, सीबीआई अधिकारी, प्रोफेसर या किसी बड़े पद पर कार्यरत बताकर सामने वाले का विश्वास जीतते हैं। इसके बाद भावनात्मक संबंध बनाकर रुपये मांगने लगते हैं। कभी आपात स्थिति, महंगे उपहार, यात्रा या अन्य बहानों से पैसे ऐंठे लेते हैं। ऐसे में केवल फोटो, पद या आकर्षक प्रोफाइल देखकर रिश्ता तय करना भारी पड़ सकता है।
बिचौलियों की पहचान की जांच करें, लेन-देन का रिकॉर्ड रखें
पुलिस ने सलाह दी है कि रिश्ता तय करने से पहले संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार की पहचान, स्थायी पते तथा उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें। अनजान बिचौलियों को बिना पुष्टि रकम न दें। व्हाट्सएप चैट, फोटो, मोबाइल नंबर और भुगतान से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित रखें।
ठगी होने पर तुरंत दें सूचना
शादी के नाम पर धोखाधड़ी होने पर डायल 112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। ऑनलाइन शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रिश्तों के मामले में भावनाओं के साथ-साथ समझदारी से काम लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें।
