home page

नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता में महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक प्रथम

 | 
Maharishi Dayanand University, Rohtak first in North Zone Inter University Women's Kho-Kho Competition

 mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में आयोजित चार दिवसीय नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता का समापन उत्साह एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में कुल 33 टीमों ने भाग लिया तथा चार दिनों में 47 मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए लीग मैचों के परिणामों के आधार पर महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक ने प्रथम स्थान, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने द्वितीय स्थान, पंजाब विश्वविद्यालय डीचंडीगढ़   ने तृतीय स्थान तथा मेजबान सीडीएलयू, सिरसा की टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।


अंतिम दिन के मुकाबलों में पहला मैच पंजाब विश्वविद्यालय एवं लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया, जिसमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक और सीडीएलयू, सिरसा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री बी. आर. शंकरानंद उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ाती हैं।

उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण की निदेशक डॉ. पल्लवी राय उपस्थित रहीं और उन्होंने खिलाड़ियों को तकनीक आधारित खेलने के लिए प्रेरित किया ।

समारोह में स्पोर्ट्स काउंसिल की अध्यक्ष प्रो. मोनिका वर्मा, अंतरराष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी मीनू जून, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी ऑब्जर्वर प्रो. रविंदर पाल अहलावत, उपाध्यक्ष प्रो. अशोक मलिक, प्रो. अशोक शर्मा, प्रो. ईश्वर मलिक, डॉ. सविता ढांडा, कोच हंसराम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त हरियाणा खो-खो एसोसिएशन के सचिव महेंद्र कम्बोज, प्रतियोगिता के अधिकारियों, गैर-शिक्षण स्टाफ एवं ग्राउंड स्टाफ ने भी टूर्नामेंट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच का संचालन सीएमआरजे महाविद्यालय के प्राध्यापक सादा सिंह ने किया।

WhatsApp Group Join Now