SIRSA में गैस सिलेंडरों के बढ़े दामों के खिलाफ महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
mahendra india news, new delhi
सिरसा। जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने रविवार को शासन की ओर से रसोई गैस के सिलेंडरों के दामों में की गई वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा व प्रांतीय अध्यक्ष पर्ल चौधरी के निर्देशानुसार किए गए इस विरोध प्रदर्शन में शामिल सभी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार से अविलंब रसोई गैस के सिलेंडरों में की गई वृद्धि को वापिस लेने की मांग की।
इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने भाजपा शासन की आलोचना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ही सरकार ने रसोई गैस के दामों में वृद्धि कर महिलाओं को ये तोहफा दिया है, जिससे प्रमाणित होता है कि सरकार महिलाओं का कितना सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन में जहां आम घरेलू चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं महिलाओं के प्रति बढ़े अपराधों ने महिला वर्ग को अपने घरों में ही रहने को मजबूर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन की कुनीतियों के खिलाफ कांग्रेस सडक़ से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिला कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस प्रदर्शन में अंगूरी देवी वर्मा, कमलेश संधू, पुष्पा नारंग, कृष्णा भांभू, सुनीता ढाका, गुड्डी देवी, सुनैना, अंकिता, सुमित्रा देवी सहित काफी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
