हर दिन 68 हजार वाहनों के दबाव वाले हाईवे पर होंगे बड़े बदलाव, 1123 करोड़ रुपये होंगे खर्च
mahendra india news, new delhi
देशभर में सडक़ों का जाल बिछा हुआ है। वहीं नई सडक़ों का निर्माण कार्य किया जाएगा। जिससे लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। इसी कड़ी में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने वाले पलवल और फरीदाबाद के लोगों के लिए गुड न्यूज है। राष्ट्रीय राजमार्ग के दिल्ली-आगरा ब्लॉक पर 1123.56 करोड़ रुपये की लागत से यातायात व्यवस्था को अच्छा बनाने की परियोजना को मंजूरी दी गई है।
इसके तहत जिले में 2 फ्लाईओवर और फरीदाबाद में एक आरओबी (रोड ओवर ब्रिज) का निर्माण किया जाएगा। पूरी परियोजना में तीन आरओबी, चार फ्लाईओवर और 4 वीयूपी ( व्हीकल अंडरपास ) बनाए जाएंगे। बाकी मथुरा और आगरा के लिए प्रस्तावित हैं।
ये होगा बदलाव
इस स्कीम से पलवल और फरीदाबाद में हाईवे पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इन दोनों जिलों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन दिल्ली, गुरुग्राम, मथुरा और आगरा की ओर आवागमन करते हैं। औद्योगिक गतिविधियों, माल ढुलाई और दैनिक यात्रियों के कारण हाईवे पर यातायात का दबाव बना रहता है। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारों के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
2 फ्लाईओवर से सुधरेगा यातायात
परियोजना के तहत पलवल जिला में 2 फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इससे हाईवे पर प्रमुख एरिया पर यातायात का दबाव कम करने में सहायता मिलेगी। इसी के साथ ही फ्लाईओवर बनने से स्थानीय वाहनों और लंबी दूरी के वाहनों के लिए आवागमन आसान होगा। खासकर दिल्ली और फरीदाबाद की ओर प्रतिदिन जॉब तथा कारोबार के लिए आने-जाने वाले लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
आरओबी से रेलवे फाटक पर राहत
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में एक रोड ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। इससे रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और ट्रेनों के गुजरने के दौरान वाहनों के लंबे इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है।
68 हजार पैसेंजर कार यूनिट प्रतिदिन गुजरते हैं
दिल्ली-आगरा कॉरिडोर से रोजाना करीबन 68 हजार पीसीयू (पैसेंजर कार यूनिट) के बराबर यातायात गुजरता है। इसमें औद्योगिक वाहन, मालवाहक ट्रक, दैनिक यात्री और पर्यटकों के वाहन शामिल हैं। यातायात के इस दबाव को देखते हुए हाईवे पर फ्लाईओवर, आरओबी और अंडरपास जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
