सिरसा के गांव कंगनपुर की बेटी मेजर कर्मजीत कौर रंधावा का भव्य अभिनंदन, गोबिंद कांडा ने किया सम्मानित
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
भारतीय सशस्त्र बलों की महिला अधिकारियों के पहले संयुक्त विश्व समुद्री परिक्रमा अभियान 'समुद्र प्रदक्षिणा' को सफलतापूर्वक पूरा कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाली गांव कंगनपुर की बेटी मेजर कर्मजीत कौर रंधावा का उनके पैतृक गांव पहुंचने पर भव्य अभिनंदन किया गया। गांव के गुरुघर में आयोजित इस गरिमामयी सम्मान समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने विशेष रूप से शिरकत की और मेजर कर्मजीत कौर रंधावा को सम्मानित कर उनका हौंसला बढ़ाया।
समारोह को संबोधित करते हुए गोबिंद कांडा ने कहा कि मेजर कर्मजीत कौर ने समुद्र का सीना चीरकर एक नया इतिहास रचा है। श्री रिछपाल सिंह रंधावा की सुपुत्री कर्मजीत कौर ने अपनी इस अद्भुत उपलब्धि से न केवल गांव कंगनपुर और सिरसा जिले, बल्कि पूरे हरियाणा और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एक छोटे से गांव से निकलकर विश्व के सबसे कठिन समुद्री अभियानों में से एक को फतह करना क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
गोबिंद कांडा ने आगे कहा कि पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने भी सदैव सिरसा की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है और उनका हौंसला बढ़ाया है। वर्तमान में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में भी सरकार बेटियों को पूरा मान-सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप आज हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं।
मेजर कर्मजीत कौर रंधावा ने पूर्व मंत्री गोपाल कांडा एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा द्वारा श्री बाबा तारा जी कुटिया के माध्यम से किए गए सामाजिक कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि बचपन से ही सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों के बारे में सुना था। उनका आशीर्वाद भी आज मिला है। उन्हें खुशी हुई है। गोबिंद कांडा व ग्राम पंचायत से सम्मानित होकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़े, अगर असफल भी होते हैं तो इरादे मजबूत रखें। सफलता जरूर मिलेगी। युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नशा करना वाला युवा कोई भी लक्ष्य पा नहीं सकता। बल्कि नशे की लत के कारण जीवन बर्बाद हो जाता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उन्होंने 27 हजार किलोमीटर का सफर तय किया है, इसी तरह युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए नशे से 27 हजार किलोमीटर की दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना की नौ महिला अधिकारियों की इस जांबाज टीम ने मात्र 50 फीट लंबे स्वदेशी नौकायन पोत 'आईएएसवी त्रिवेणी' (IASV Triveni) पर सवार होकर इस ऐतिहासिक अभियान को अंजाम दिया। 11 सितंबर 2025 को मुंबई से शुरू हुआ यह साहसिक सफर 314 दिनों तक समुद्र की विकट परिस्थितियों का सामना करते हुए लगभग 25,500 नॉटिकल मील की दूरी तय कर 22 जुलाई 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गुरुघर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने भी मेजर कर्मजीत कौर व उनके पिता रिछपाल सिंह रंधावा को बधाई दी। समारोह में गांव कंगनपुर के सरपंच दलबीर सिंह, एडवोकेट रिछपाल सिंह रंधावा, राजन शर्मा, एडवोकेट मोहन लाल, दरबारा सिंह, सुखदेव सिंह, प्रधान गुरूद्वारा परमिन्द्र सिंह व लखबीर सिंह सहित क्षेत्र के अनेक मौजिज व्यक्ति और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
