home page

SIRSA में दूषित पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी कार्रवाई, 50 वर्ष पुरानी पानी की पाइपलाइन बदले जाने का कार्य शुरू

 | 
Major move towards resolving the contaminated drinking water issue in Sirsa: work has begun to replace a 50-year-old water pipeline

Mahendra india news, new delhi

सिरसा वार्ड नं. 20 एवं 21 में पिछले लगभग तीन महीनों से सीवर ओवरफ्लो तथा पीने के पानी में सीवरेज मिश्रित एवं दूषित पानी आने की गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा के संज्ञान में मामला आने के बाद जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर समस्या के स्थायी समाधान में जुटी हुई है।

पूर्व नगर पार्षद श्रीमती नीतू सोनी ने इस गंभीर समस्या को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा तथा जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों ने वार्ड का लगातार निरीक्षण कर सुधार कार्य शुरू कर दिया।

बुधवार को जनस्वास्थ एवं अभियांत्रिकी विभाग के उच्च अधिकारियों ने गली बेरी वाली, गुरुद्वारा वाली गली, सूरतगढ़िया बाजार, बड़ौदा बैंक वाली गली सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर गंदे पानी आने के कारणों की जांच की। निरीक्षण के दौरान लंबे समय से बंद पड़े सीवर मेनहोलों को जेटिंग मशीनों की सहायता से खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। साथ ही सीवर निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी कार्य भी जारी हैं।

WhatsApp Group Join Now

वही पूर्व पार्षद नीतू सोनी एवं नगर पार्षद संजीव रातूसरिया विशेष आग्रह पर जिला प्रशासन की पहल पर वॉर्ड की विभिन्न गलियों में लगभग 50 वर्ष पुरानी पेयजल पाइपलाइन को बदलने का कार्य भी शुरू कर दिया है। नीतू सोनी ने बताया कि गली रामदेव मंदिर वाली, गली दसवीं पातशाही गुरुद्वारा वाली, गली पूर्व विधायक सीताराम बागला वाली, गली ग्रोवर स्वीट्स वाली तथा सेठी धर्मशाला के पास 10 फुटी गली में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे वार्ड में लंबे समय से चली आ रही दूषित पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है। नीतू सोनी ने बताया कि इसके अतिरिक्त बड़ौदा बैंक वाली गली के नुक्कड़ पर जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए विभाग की तरफ से पंप सेट लगाकर पानी की निकासी का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, ताकि सीवर का रुका हुआ पानी शीघ्र निकाला जा सके।

पूर्व नगर पार्षद नीतू अमित सोनी ने कहा कि पिछले लगभग तीन महीनों से सीवर ओवरफ्लो और दूषित पेयजल के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों एवं स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूषित पेयजल के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा था। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और विभाग द्वारा शुरू की गई कार्रवाई से लोगों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा तथा जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वार्डवासियों की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू करने के लिए आभार व्यक्त किया।

नीतू सोनी ने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्या का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है। हर घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना हमारा संकल्प है।"