हरियाणा प्रदेश के सामान्य अस्पताल के लेबर रूम में बड़ा हादसा, नवजात की शौचालय की सीट में गिरने से मौत
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के सामान्य अस्पताल में दर्दनाक नवजात बच्चे की मौत हो गई। पानीपत के जिला सामान्य अस्पताल के लेबर रूम में सोमवार शाम घटना हुई। जानकारी के अनुसार सामान्य अस्पताल के शौचालय में प्रसूता ने बच्चे को जन्म दिया। नवजात फिसलकर शौचालय की सीट में जा फंसा। इसके बाद तो सीट तोडक़र बच्चे को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्वजनों में मातम छा गया और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे हैं।
इस बारे में महिला के रिश्तेदार ने बताया कि सैनी कॉलोनी निवासी उनकी भाभी को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद शाम करीबन 7 बजे वह अपनी सास के साथ लेबर रूम के शौचालय में गई थीं। इसी दौरान अचानक प्रसव हो गया। साथ मौजूद सास कुछ समझ पातीं, इससे पहले नवजात शौचालय की सीट के अंदर गिर गया।
सीट तोडक़र निकाला, नहीं बच सकी जान
बताया जा रहा है कि स्वजनों ने नवजात को निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर गहराई में फंस गया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे और शौचालय की सीट तोडक़र नवजात को बाहर निकाला। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल सीसीयू में भर्ती कराया गया। चिकित्सकोंं के प्रयास के बावजूद नवजात की जान नहीं बचाई जा सकी।
