सिरसा में गाड़ी के डैशबोर्ड से पिस्टल चुराने वाला दबोचा, चोरीशुदा 32 बोर पिस्टल बरामद
mahendra india news, new delhi
सिरसा। गांव किराड़कोट निवासी एक व्यक्ति की कार के डैशबोर्ड से लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल चोरी करने के मामले का एबीवीटी स्टाफ सिरसा ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार संपत्ति विरूद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एबीवीटी स्टाफ ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार गांव किराड़कोट निवासी अजीत पाल सिंह पुत्र इकबाल सिंह ने शिकायत दी थी कि उसके पास 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल है, जिसे वह अपनी कार के डैशबोर्ड में रखता था। 23 जून को जब उसने डैशबोर्ड की जांच की तो पिस्टल गायब मिली। इसके बाद बड़ागुढ़ा थाना में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच एबीवीटी स्टाफ को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सुमित कुमार पुत्र नंदलाल निवासी ढाणी सवाईपुर (बप्पा), जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरीशुदा 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली। एबीवीटी स्टाफ के प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
