हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने गांव धिंगतानिया में भरा भात
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। गांव धिंगतानिया में हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने एक जरूरतमंद परिवार की मदद करते हुए भात भरा। गांव के रहने वाले बलबीर की दो बेटियां रेणु और पल्लवी विवाह के बंधन में बंधने जा रही थीं। ऐसे में परिवार के लिए यह समय खुशी के साथ-साथ जिम्मेदारियों से भरा हुआ था।
इस मौके पर मनीष सिंगला ने आगे बढ़कर दोनों बेटियों की शादी में भात भरने की रस्म निभाई और परिवार को सहारा दिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों की आंखें भी नम हो गईं, क्योंकि मुश्किल समय में किसी का यूं साथ देना अपने आप में बड़ी बात होती है। मनीष सिंगला ने कहा कि यह सब उनकी स्वर्गीय माँ सुशीला देवी के आशीर्वाद से हो रहा हैं। उनकी माँ को प्रभु के श्री चरणों में लीन हुए 1935 दिन हो गए हैं और प्रत्येक दिन समाजहित को समर्पित रहा हैं।
मनीष सिंगला ने कहा कि बेटियां केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी होती हैं। जब किसी घर में बेटियों की शादी होती है तो समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट हमेशा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए तैयार रहती है और आगे भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रहेंगे। लोगों का कहना था कि आज के दौर में जब कई लोग केवल अपने बारे में सोचते हैं, ऐसे समय में मनीष सिंगला जैसे लोग समाज के लिए मिसाल बनकर सामने आते हैं।
रेणु और पल्लवी की शादी के इस अवसर पर मनीष सिंगला द्वारा भात भरना केवल एक परंपरा निभाना नहीं था, बल्कि यह मानवता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण बन गया।इस अवसर पर गांव के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने नवविवाहित बेटियों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, कुलबीर पटीर, योगेश बिज़ारनिया सहित काफ़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।
