गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार सुभाष हत्याकांड में गाड़ी चालक मनीष गिरफ्तार, तीन दिन के रिमांड पर
mahendra india news, new delhi
SIRSA के गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार सुभाष चंद्र हत्याकांड में नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने तीसरे मुख्य आरोपी गांव ढुकड़ा निवासी मनीष कुमार पुत्र राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को नाथूसरी चौपटा चौक से काबू कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
SIRSA SP दीपक सहारन ने बताया कि 6 अक्टूबर 2026 को गांव जमाल में राजस्थान सीमा के पास हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के सोलर प्लांट पर ठेकेदारी का काम करने वाले सुभाष चंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय सुभाष चंद्र प्लांट में बैठा था। इसी दौरान दो-तीन युवक वहां पहुंचे और उसे गोली मारकर फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई ।
पुलिस ने मृतक के पिता भादर राम निवासी गांव जमाल की शिकायत पर मुख्य आरोपी राहुल सहित 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष वारदात वाले दिन गाड़ी चला रहा था। उस पर हाथ में कापा नुमा तेजधार हथियार लेकर गेट पर खड़े होकर बाहर से आने वाले लोगों की रेकी करने का आरोप है।इस मामले में पुलिस 2 अन्य मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। हत्या के षड्यंत्र में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
