ITI SIRSA में मारुति सुजुकी का दो दिवसीय रोजगार मेला आयोजित, 223 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट
Mahendra india news] new delhi
हरियाणा राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), सिरसा में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा 2 दिवसीय शिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
इस मेले में फिटर, वेल्डर, पेंटर, टर्नर, मशीनिस्ट, एमएमवी, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक ट्रैक्टर, मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग व मैकेनिक ऑटो बॉडी रिपेयर
(Fitter, Welder, Painter, Turner, Machinist, MMV, Mechanic Diesel, Mechanic Tractor, Mechanic Auto Body Painting & Mechanic Auto Body Repair) सहित विभिन्न ट्रेडों के लगभग 318 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें से 309 अभ्यर्थियों ने शिक्षुता के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया, जिसमें से 223 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को शिक्षुता के दौरान प्रति माह 20,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। संस्थान के प्रधानाचार्य बुध राम ने बताया कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि कोई भी प्रशिक्षु रोजगार से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा के बीच प्रशिक्षण एवं रोजगार के लिए एमओयू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप इस रोजगार मेले का सफल आयोजन संभव हो सका। इस अवसर पर जेपीओ श्याम सिंह, जेपीओ अनिल बेनीवाल, शिक्षुता अनुदेशक सुनील हुड्डा, हरफूल चंद सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
