सिरसा में हजारों कच्चे कर्मचारियों की विशाल रैली का ऐलान :- सतपाल
mahendra india news, new delhi
HARYANA प्रदेश प्रवक्ता व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर, डिपो सचिव सतपाल सिंह रानियां, कोषाध्यक्ष कीमत सिंह ढांडा, मुख्य सलाहकार रोहताश बाजेकां, कार्यकारी वरिष्ठ उप प्रधान बलजीत सिंह, कार्यालय सचिव व मीडिया प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने संयुक्त बयान जारी करते हुए बताया कि कच्चे कर्मचारियों के नियमितीकरण और रिक्त सरकारी पदों पर स्थायी भर्ती की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। इसी क्रम में 30 जुलाई को सिरसा जिला मुख्यालय पर हजारों कर्मचारियों की विशाल रैली आयोजित की जाएगी।
इसमें एचकेआरएनएल, विभिन्न विभागों के कच्चे व पक्के कर्मचारी तथा कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यह घोषणा पटवार भवन, सिरसा में आयोजित जिला स्तरीय कन्वेंशन में राज्य महासचिव मास्टर कृष्ण नैन ने की। कन्वेंशन की अध्यक्षता जिला प्रधान मदन लाल खोथ ने की व संचालन रमेश कुमार सैनी ने किया। मास्टर कृष्ण नैन ने कहा कि सरकार लगातार सरकारी विभागों का निजीकरण कर रही है, जिससे रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और शिक्षा,परिवहन, स्वास्थ्य, बिजली, पानी तथा सफाई जैसी जनसेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने मांग की कि वर्षों से सेवाएं दे रहे पात्र कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए और प्रदेश के लगभग सात लाख रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की जाए। चाहर ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तथा सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों के अनुरूप पात्र कर्मचारियों को नियमित किया जाना चाहिए और 'समान काम समान वेतन' के सिद्धांत को पूरी तरह लागू किया जाए। कन्वेंशन में मुख्यमंत्री के नाम सेवा नियमिती करण प्रार्थना-पत्र अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रत्येक कच्चा कर्मचारी अपना प्रार्थना-पत्र सरकार को भेजेगा।
चाहर ने कहा कि हरियाणा और केरल की आबादी लगभग समान होने के बावजूद केरल में करीब 12 लाख स्थायी सरकारी कर्मचारी कार्यरत हैं। इससे स्पष्ट है कि पर्याप्त संख्या में नियमित नियुक्तियां कर जनता को बेहतर सेवाएं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है। कन्वेंशन में जिलेभर से बड़ी संख्या में कच्चे और पक्के कर्मचारियों ने भाग लिया। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, आल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन, पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन, नगर पालिका कर्मचारी संघ, अग्निशमन कर्मचारी यूनियन, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, अखिल भारतीय किसान सभा, लोक चेतना कला एवं साहित्य मंच, आईटीआई, पटवारी संगठन सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने आंदोलन को समर्थन दिया।
प्रदेश प्रवक्ता व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर, जिला सचिव सतपाल सिंह ने सभी कर्मचारी संगठनों और कर्मचारियों से 30 जुलाई की रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि सरकार ने नियमितीकरण और स्थायी भर्ती की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा। सभी ने एकजुट होकर कच्चे कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान काम समान वेतन तथा रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की मांग को लेकर संघर्ष को तेज करने और 30 जुलाई की जिला स्तरीय रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
