SIRSA शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए मास्टर प्लान लागू, इस टाइम तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक
Mahendra india news. new delhi
शहर सिरसा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने हेतु विशेष मास्टर प्लान लागू किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई ठोस कदम उठाए गए हैं। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि शहर के मुख्य बाजारों, व्यस्त मार्गों और चौक-चौराहों पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इसी समस्या के समाधान के लिए अब शहर में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी इंसपेक्टर धर्मचंद ने शहर के मुख्य मार्गो पर स्वंय पंहुकर भारी वाहनों की नो एंट्री प्रवेश के साइन बोर्ड लगवाते हुए कहा कि शहर में प्रवेश करने वाले 6 प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर “भारी वाहन नो एंट्री” संबंधी साइन बोर्ड स्थापित कर दिए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को पहले से ही यातायात नियमों की जानकारी मिल सके ।
शहर के महाराणा प्रताप चौक,किसान चौक,सावित्रि बाई फुल्ले चौक,अरोड़ वंश चौक,सैन चौक,शाह सतनाम सिंह चौक पर मुख्य रुप से साइन बोर्ड स्थापित किए जा चुके है यदि फिर भी भारी वाहन चालक नियमों की अनदेखी करता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा । इसके साथ ही सिरसा ट्रैफिक थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि निर्धारित समय के दौरान किसी भी भारी वाहन को शहर के अंदर प्रवेश न करने दिया जाए । एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भारी वाहन चालक निर्धारित समय के दौरान नियमों की अवहेलना करते हुए शहर में प्रवेश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी । ऐसे वाहन चालकों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ चालान भी किए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें विभिन्न मार्गों पर लगातार गश्त कर रही हैं और निगरानी रख रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन केवल चालान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी कर रहा है। समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। एसपी दीपक सहारन ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दूसरों को भी नियमों की पालना के लिए प्रेरित करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था एवं सौंदर्यकरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
