कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को सौंपा ज्ञापन, विधानसभा में मुद्दा उठाने का आश्वासन
mahendra india news, new delhi
विकलांग संघ उमंग, हरियाणा (रजि.) द्वारा दिव्यांग कर्मचारियों की सेवा-आयु 60 वर्ष बहाल करने की मांग को लेकर चलाया जा रहा प्रदेशव्यापी अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बंसी लाल झोरड एवं संस्थापक सुभाष चंद्र कुलरिया के नेतृत्व में प्रदेश के सभी वर्तमान विधायकों को ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
इसी क्रम में बुधवार को उमंग की महेंद्रगढ़ इकाई के जिला प्रधान विजय यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को भी ज्ञापन सौंपकर दिव्यांग कर्मचारियों के सेवा विस्तार के मामले में न्याय दिलाने की मांग की गई। विजय यादव ने बताया कि वर्ष 1988 से चली आ रही सेवा विस्तार नीति को वर्तमान सरकार द्वारा समाप्त कर दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेशभर के दिव्यांग कर्मचारियों में रोष और असंतोष व्याप्त है।
उमंग पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि दिव्यांग कर्मचारी शारीरिक एवं सामाजिक चुनौतियों के बावजूद वर्षों से निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में 60 वर्ष की सेवा-आयु का प्रावधान उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा विषय है। इसे पुन: लागू करना सामाजिक न्याय और संवेदनशील शासन की दिशा में आवश्यक कदम होगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे को विधानसभा में जोर-शोर से उठाया जाएगा तथा प्रदेश के दिव्यांग कर्मचारी वर्ग को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। संगठन की ओर से बताया गया कि कुछ विधायकों को पहले ही ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, जबकि शेष बचे हुए विधायकों को भी जल्द ही उमंग की जिला इकाइयों द्वारा ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।
टीम उमंग ने उम्मीद जताई है कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से दिव्यांग कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में जेई हितेश कुमार, रतनलाल प्रिंसिपल, शुभराम हेडमास्टर, बिरमा देवी इंस्पेक्टर फूड सप्लाई, सुरेश कुमार, वीरेंद्र कुमार आदि सम्मिलित रहे।
