मॉडल स्कूल बप्पां में मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सिरसा। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बप्पां में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सीबीएसई द्वारा घोषित 10वीं के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य मनीष कुमार ने इस अवसर पर बताया कि विद्यालय का इस वर्ष परीक्षा परिणाम 99.09 प्रतिशत रहा।
विद्यालय की छात्रा जसप्रीत कौर ने 93.8 प्रतिशत टॉप किया। इसके अतिरिक्त अंशिका (91.2 प्रतिशत), विनोद(84 प्रतिशत), मोहिनी (83.2 प्रतिशत), अनुजा(82.2 प्रतिशत) हरमनप्रीत (82 प्रतिशत) सहित कुल 6 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए । इन मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्होंने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को कठोर परिश्रम करने का आह्वान किया। ग्राम सरपंच ममता रानी ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की। सरपंच प्रतिनिधि बंसी लाल ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उपहार देकर सम्मानित किया और सभी विद्यार्थियों को सम्मानित हुए बच्चों की तरह ज्यादा से ज्यादा मेहनत करने का संदेश दिया।
एसएमसी प्रधान सीता रानी ने भी अपने वक्तव्य में अच्छे परीक्षा परिणाम पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह हम सबके लिए गर्व की बात है कि हमारा विद्यालय पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ग्राम पंचायत और विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मानित बच्चों के अभिभावकों के साथ-साथ पूर्व सरपंच हंसराज, एसएमसी उपप्रधान हरपाल, उप प्रधानाचार्य प्रकाश सिंह, पंचायत सदस्य संदीप कुमार सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
