home page

सांसद कुमारी सैलजा द्वारा सिरसा में नाबार्ड के कार्यालय का उद्घाटन, ग्रामीण विकास और वित्तीय समावेशन को मिलेगा नया आयाम

 | 
MP Kumari Selja inaugurates NABARD office in Sirsa; rural development and financial inclusion to gain new momentum

mahendra india news, new delhi
ग्रामीण विकास एवं कृषि क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सिरसा कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को सांसद कुमारी सैलजा, शीशपाल केहरवाला विधायक कालांवाली, गोकुल सेतिया विधायक सिरसा तथा सुनील कौशिक महाप्रबंधक, नाबार्ड हरियाणा क्षेत्रीय कार्यालय के द्वारा किया गया। अपने संबोधन में सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि नाबार्ड देश में कृषि, ग्रामीण विकास, वित्तीय समावेशन एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि सिरसा में नाबार्ड के कार्यालय की स्थापना से जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी तथा किसानों, ग्रामीण उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों एवं किसान उत्पादक संगठनों को नाबार्ड की योजनाओं का अधिक प्रभावी लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि संस्थानों को बदलते हालात के साथ लगातार खुद को अपग्रेड करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनसे हमेशा जमीनी स्तर पर फीडबैक लिया जाना चाहिए और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए। इस अवसर पर महाप्रबंधक सुनील कौशिक ने कहा कि सिरसा में नाबार्ड के कार्यालय का शुभारंभ नाबार्ड की ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

यह कार्यालय कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, जल संरक्षण, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, ग्रामीण उद्यमिता तथा किसान उत्पादक संगठनों को सशक्त बनाने की दिशा में नाबार्ड की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, सिरसा स्वरदीप सिंह ने सभी विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यालय सिरसा जिले के समग्र, समावेशी एवं सतत ग्रामीण विकास को नई दिशा प्रदान करेगा तथा विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

WhatsApp Group Join Now

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक, उप कृषि निदेशक, उप निदेशक एमएसएमई, जिला मत्स्य अधिकारी, निदेशक कृषि विज्ञान केंद्र, सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, क्षेत्रीय प्रबंधक (हरियाणा ग्रामीण बैंक), महाप्रबंधक (द सिरसा सेंट्रल को-आॅपरेटिव बैंक), निदेशक (आरसेटी),  किसान उत्पादक संगठन, स्वयं सहायता समूह, गैर-सरकारी संस्था तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिले में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट कार्य निष्पादन एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।