एमएसजी अवतार माह में मानवता की मिसाल बना सेवा का महाकुंभ, कंबल वितरण व नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों से हजारों को राहत
mahendra india news, new delhi
मानवता, सेवा और परोपकार की भावना को साकार करते हुए परम पिता शाह सतनाम जी महाराज के पवित्र एमएसजी अवतार महीने के उपलक्ष्य में पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन प्रेरणा से सेवा का महाकुंभ निरंतर जारी है। इस महाकुंभ के अंतर्गत जरूरतमंदों की सहायता, रोगियों का नि:शुल्क उपचार और समाज सुधार के कार्य बड़े स्तर पर किए जा रहे हैं। विशेष बात यह है कि पूज्य गुरु जी स्वयं प्रतिदिन इन सेवा कार्यों में सहभागिता कर साध-संगत को भी इंसानियत भलाई के कार्यों के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
पूज्य गुरु जी की ओर से जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। वहीं शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल में चल रहे विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों की श्रृंखला में बच्चों के रोगों से संबंधित विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में देश के अनुभवी बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की विभिन्न बीमारियों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श व उपचार प्रदान किया। बच्चों के रोग संबंधी शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राकेश जाखड़, डॉ. अमन मैहता, डॉ. गौरव गोयल सहित शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल से बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन मोहन ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त आयुर्वेदिक शिविर के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में मरीजों ने उपचार का लाभ उठाया।
पूजनीय माता आस कौर जी आयुर्वेदिक अस्पताल सिरसा से वरिष्ठ आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. अजय गोपलानी, डॉ. मीना गोपलानी, डॉ. कुलदीप शर्मा इन्सां, डॉ. शशिकांत इन्सां, डॉ. संगीता इन्सां, डॉ. मुनीष इन्सां के साथ मेडिकल ऑफिसर डॉ. जगवीर, डॉ. सिमरन व डॉ. दीपिका ने मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी जानकारी दी। शिविर में पोडिकिड़ी, पुटपाक, वमन, शिरोधारा, नस्य, उदवर्तन, कटिवस्ति, अभ्यंग, सूत्रनेति व जलनेति जैसी आयुर्वेदिक पद्धतियों से उपचार किया गया।
वहीं 31 जनवरी तक चलने वाले नेचुरोपैथी (प्राकृतिक चिकित्सा) शिविर में भी बुधवार को अनेक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। डॉ. रवि, डॉ. विजोय, डॉ. रूपेश व डॉ. नंदिनी की टीम द्वारा बैक पेन, नेक पेन, मोटापा, शुगर, ब्लड प्रेशर, घुटनों की समस्या व त्वचा रोगों का प्राकृतिक पद्धति से उपचार किया गया। इन शिविरों के जरिए मरीजों को प्राकृतिक व वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों का सीधा लाभ प्रदान किया जा रहा है। सेवा, स्वास्थ्य और सुधार को केंद्र में रखकर डेरा सच्चा सौदा द्वारा संचालित ये जनकल्याणकारी प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में उभर रहे हैं।
