मुस्कान ने भाषण प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर किया तृतीय स्थान हासिल
mahendra india news, new delhi
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटली सिरसा की छात्रा मुस्कान सुपुत्री शेर सिंह ने ‘हिन्द की चादर’ गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित संस्कृत भाषा में आयोजित प्रांत स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता हरियाणा सरकार द्वारा गुरु तेग बहादुर जी के 350वें पावन निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना था।
यह जानकारी देते हुए हरिओम भारद्वाज ने बताया कि विद्यालय स्तर से शुरू होकर खण्ड स्तर, जिला स्तर और फिर राज्य स्तर तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी भाषाओं में गुरु तेग बहादुर जी के जीवन वृत्त से परिपूर्ण साखियों पर आधारित आयोजन शामिल थे।
बेटी मुस्कान की इस उपलब्धि पर जिला के शिक्षा अधिकारियों, भारत विकास परिषद् के प्रतिनिधियों और विद्यालय परिवार द्वारा हार्दिक शुभकामनाएं और बधाईयाँ दी गई हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता सांई, खण्ड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित मनहर, भारत विकास परिषद् के जिला समन्वयक प्रमोद मोहन गौतम, हरियाणा राजकीय संस्कृत अध्यापक संघ के प्रधान बसंत पारीक, सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पंचायत कोटली सतीश कुमार व एसएमसी प्रधान बलवंत इंसा तथा समस्त विद्यालय परिवार ने मुस्कान को जिले का नाम रोशन करने पर असीम शुभकामनाएं व्यक्त की।
