CDLU सिरसा में पहली बार आयोजित हुई राष्ट्रीय स्तर की भारत बौद्धिक्स IKS परीक्षा, 67 विद्यार्थियों ने लिया भाग
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़ी भारत बौद्धिक्स आईकेएस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का आयोजन किया गया। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की ओर से यह परीक्षा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हुई। इस परीक्षा के माध्यम से विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान का उद्देश्य भारतीय ज्ञान, परंपरा, प्राचीन संस्कृति, वेदों, उपनिषदों और भगवद्गीता के ज्ञान से विद्यार्थियों को परिचित कराना तथा उनमें अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना पैदा करना है। विश्वविद्यालय में पहली बार यह परीक्षा आयोजित की गई है। इस परीक्षा के लिए कुल 95 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था, जिनमें से 67 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
विश्वविद्यालय की शोभा देवी रामानंद बंसल सेंटर फॉर इंडियन नॉलेज सिस्टम्स की निदेशक प्रो. संजू बाला ने बताया कि कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को भारत की विरासत से अवगत करवाने और उनमें अपनी संस्कृति के प्रति गौरव पैदा करने के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा का आयोजन भारत बौद्धिक्स आईकेएस समिति के तत्वावधान में किया गया। इस परीक्षा के लिए बच्चों को विद्या भारती उच्च शिक्षण संस्थान की ओर से भेजी गई 21 पुस्तकें भी विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई गई जिसके माध्यम से उन्हें भारत की प्राचीन संस्कृति, शास्त्रों, वेदों और उपनिषदों की जानकारी मिली।
प्रो. संजू बाला ने बताया कि शीर्ष पर रहे विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। इस परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने में केंद्र अधीक्षक डा. ज्योति, केंद्र उपाधीक्षक डा. सतपाल, डा. दीपक, रितु ने अपना योगदान दिया।
