CDLU SIRSA में राष्ट्रीय प्रेस दिवस: पत्रकारिता में AI और डिजिटल कौशल की भूमिका पर हुई चर्चा
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) रामनाथ सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों के साथ-साथ शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।
मुख्य वक्ता रामनाथ सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार प्रेस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता का मूल आधार सत्य एवं तथ्य होना चाहिए। पत्रकारों और मीडिया विद्यार्थियों को समाचारों का संप्रेषण करते समय उनकी सत्यता एवं विश्वसनीयता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, अपने ज्ञान का विस्तार करने तथा पत्रकारिता से जुड़े व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. सेवा सिंह बाजवा ने की जबकि कार्यक्रम का संचालन विभाग के प्रोफेसर अमित सांगवान ने किया।अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. सहवाग सिंह बाजवा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों में पढ़ने, सीखने और निरंतर स्वयं को अपडेट रखने की प्रवृत्ति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक अच्छे पत्रकार के लिए अध्ययनशीलता, अनुशासन और विषय की गहरी समझ अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ. अमित ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई मीडिया तकनीकें पत्रकारिता के स्वरूप एवं कार्यप्रणाली में तेजी से बदलाव ला रही हैं। ऐसे में मीडिया विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक पत्रकारिता के मूल्यों के साथ-साथ नई तकनीकों और डिजिटल कौशलों में दक्षता हासिल करना भी आवश्यक है। कार्यक्रम में प्राध्यापिका रेनू, अनुपमा, आकाश,अमानत ,अतुल ,हीना उपस्थित रहे।
