home page

CDLU सिरसा की एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय शिविरों में बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान, पल्लवी की कंपनी ने हासिल किया द्वितीय स्थान

 | 
NEWS

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा की एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर के दो प्रतिष्ठित प्रशिक्षण शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सहभागिता से विश्वविद्यालय और तीन हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार का गौरव बढ़ाया है। विश्वविद्यालय की एसजीटी रेनू बाला ने अंबाला कैंट में आयोजित एनसीसी आर्मी अटैचमेंट कैंप में भाग लेकर सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया, जबकि अंडर ऑफिसर पल्लवी ने 19 से 30 अक्टूबर तक एनसीसी अकादमी, मलोट (पंजाब) में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के एडवांस लीडरशिप कैंप में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। इस शिविर में पल्लवी की कंपनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।


विश्वविद्यालय की एनसीसी केयरटेकर ऑफिसर डॉ. नीलम रानी ने बताया कि कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के निरंतर प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन से विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों एवं प्रशिक्षण शिविरों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं। दोनों शिविरों में कैडेट्स ने सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त किया।


अंबाला कैंट में आयोजित आर्मी अटैचमेंट कैंप में कैडेट्स को पीटी, ड्रिल, राइफल प्रशिक्षण तथा भारतीय सेना की विभिन्न इकाइयों, आर्मी शूटिंग अकादमी एवं खड़गा ड्रोन हब का भ्रमण करवाकर आधुनिक सैन्य कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। वहीं, मलोट के एडवांस लीडरशिप कैंप में नेतृत्व कौशल, निर्णय लेने की क्षमता, प्रभावी संवाद, समस्या समाधान एवं एसएसबी चयन प्रक्रिया से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं ने भी कैडेट्स की प्रतिभा और टीम भावना को निखारा।

WhatsApp Group Join Now


शिविरों से लौटने पर डॉ. नीलम रानी, एनसीसी इंस्ट्रक्टर सोनिका एवं सहायक सोनिका ने दोनों कैडेट्स का स्वागत करते हुए उन्हें मेडल, कैंप बैज एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।