रोटरी क्लब सिरसा सीनियर की वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी घोषित
mahendra india news, new delhi
सामाजिक सेवा एवं मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित रोटरी क्लब सिरसा सीनियर ने रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। क्लब की एडवाइजरी बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का चयन किया गया। क्लब अध्यक्ष डॉ. वी.एस. बंसल ने बताया कि ग्रैंड मेरिटन होटल, सिरसा में आयोजित पिछली बैठक में क्लब की लोकतांत्रिक परंपरा को ध्यान में रखते हुए रोटेरियन मनीष मेहता को वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष, रोटेरियन देवेंद्र मिगलानी को सचिव तथा रोटेरियन विष्णु सिंगला को कोषाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया।
डॉ. बंसल ने कहा कि चयनित पदाधिकारी लंबे समय से रोटरी की सेवा गतिविधियों से जुड़े हुए हैं तथा क्लब एवं समाज के प्रति उनकी निष्ठा, नेतृत्व क्षमता एवं सक्रिय सहभागिता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें विश्वास है कि नई टीम सभी सदस्यों को साथ लेकर क्लब की सेवा परियोजनाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, युवा विकास एवं सामुदायिक सेवा के क्षेत्रों में प्रभावी कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सिरसा सीनियर सदैव समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। आगामी रोटरी वर्ष में भी क्लब अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं का संचालन करेगा, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचेगा।
वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन मनीष मेहता ने क्लब के सभी सदस्यों एवं एडवाइजरी बोर्ड में शामिल डॉ. सुभाष नरूला व भूपेश मेहता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पूरी टीम रोटरी के आदर्श वाक्य (स्वयं से पहले सेवा) को आत्मसात करते हुए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ कार्य करेगी। उधर, नवनियुक्त सचिव रोटेरियन देवेन्द्र मिगलानी ने कहा कि क्लब की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सदस्य सहभागिता बढ़ाने तथा सेवा परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
इसी प्रकार नवनियुक्त कोषाध्यक्ष रोटेरियन विष्णु सिंगला ने विश्वास दिलाया कि क्लब की वित्तीय व्यवस्था पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं अनुशासन के साथ संचालित की जाएगी तथा प्रत्येक सेवा परियोजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में उपस्थित क्लब के सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में रोटरी क्लब सिरसा सीनियर सेवा, मित्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में नई उपलब्धियां स्थापित करेगा तथा क्लब की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
