सीडीएलयू में एलएलएम प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना जारी, 15 जुलाई से आवेदन होंगे शुरू
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. रोहतास ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलएलएम (2 वर्षीय) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा काउंसलिंग कार्यक्रम की अधिसूचना डीन अकादमिक अफेयर्स प्रोफेसर सुशील कुमार द्वारा जारी कर दी गई है।
विधि विभागाध्यक्ष डॉ. रोहतास ने बताया कि अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 से विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। एलएलएम प्रवेश परीक्षा 2 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि परीक्षा परिणाम 3 अगस्त 2026 को घोषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें संवैधानिक कानून, प्रशासनिक कानून, मानवाधिकार एवं अंतरराष्ट्रीय कानून, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, अनुबंध कानून, कंपनी कानून, साइबर कानून, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), परिवार कानून, सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाक्रम तथा शोध पद्धति से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा।
डॉ. रोहताश ने बताया कि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत, ओबीसी वर्ग के लिए 42 प्रतिशत तथा एससी, डीएससी, एसटी एवं दिव्यांग वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। प्रवेश मेरिट सूची प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर श्रेणीवार तैयार की जाएगी तथा हरियाणा सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार प्रवेश दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रथम मेरिट सूची 4 अगस्त, द्वितीय 6 अगस्त तथा तृतीय मेरिट सूची 8 अगस्त 2026 को प्रदर्शित की जाएगी। रिक्त सीटों का विवरण 11 अगस्त को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर 12 अगस्त 2026 को भौतिक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। एलएलएम की कक्षाएं 10 अगस्त 2026 से प्रारंभ होंगी।डॉ. रोहताश ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
