14 नवम्बर मौसम पूर्वानुमान: मौसम में होगा बड़ा बदलाव, 7 प्रदेशों में शीत लहर की चेतावनी
November 14 weather forecast: Major changes in weather, cold wave warning in 7 states
मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम में 14 नवंबर शुक्रवार को बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 7 प्रदेशों के लिए भीषण शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। बच्चों और बुजुर्गों को इस दौरान सतर्क रहने के लिए कहा गया है। वहीं, दिल्ली-यूपी, उत्तराखंड और हिमाचल में लोगों की मुश्किलें बढऩे वाली है। सुबह के वक्त 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा तबीयत बिगाड़ सकती है। इसलिए, सुबह के वक्त गर्म कपड़े जरूर पहनकर चलें।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में 15 नवंबर तक शीत लहर चलने की संभावना है। इसके अलावा 14 नवंबर को पूर्वी यूपी, बिहार, दिल्ली और हरियाणा में सुबह के समय शीत लहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों में उत्तराखंड, हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी और उससे सटी दक्षिण-पूर्वी खाड़ी पर एक चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। एक अन्य चक्रीय परिसंचरण उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है, जो 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। असम के ऊपर भी एक चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जो लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान, दक्षिण तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बाकी तमिलनाडु के हिस्सों में हल्की बरसात हुई। पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। पूर्वोत्तर भारत, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा छाया रहा। पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री या उससे अधिक नीचे रहा।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आंतरिक और उत्तरी तमिलनाडु, उत्तरी केरल, लक्षद्वीप और अरुणाचल प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ठंड की लहर से लेकर प्रचंड ठंड की लहर की स्थिति बन सकती है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है।पूर्वोत्तर भारत के न्यूनतम तापमान में अगले 3 से 4 दिनों में और गिरावट आने की संभावना है।
