SIRSA में अब व्हाट्सएप पर दर्ज करवाएं स्वच्छता संबंधी शिकायत, 24 घंटे में होगा समाधान
mahendra india news, new delhi
जिला सिरसा में दो नगर परिषद और तीन नगरपालिकाओं में आम नागरिकों की विशेषकर स्वच्छता संबंधी व अन्य सार्वजनिक शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 24x7 व्हाट्सएप आधारित जन शिकायत निवारण प्रणाली शुरू की गई है। आम नागरिक अब व्हाट्सएप के माध्यम से घर बैठे सफाई व्यवस्था संबंधी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं जिसका समाधान 24 घंटे के अंदर सुनिश्चित किया जाएगा।
SIRSA जिला नगर आयुक्त वीरेंद्र सहरावत ने बताया कि जिला सिरसा की नगर परिषद सिरसा व डबवाली और नगरपालिका ऐलनाबाद, कालांवाली व रानियां में एक-एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया हैं, जोकि चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। इस नंबर के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचा सकेंगे। इस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों सहित अन्य सार्वजनिक समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सिरसा के लिए 93060-58901, डबवाली के लिए 93061-45381, कालांवाली के लिए 82781-21016, रानियां के लिए 97283-65553 व ऐलनाबाद के लिए 93069-48448 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप नंबर पर प्राप्त सभी शिकायतों का निवारण अनिवार्य रूप से 24 घंटे के भीतर किया जाएगा। विशेष रूप से स्वच्छता से संबंधित शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर उसी दिन किया जाएगा। यदि कोई नागरिक यह प्रमाण प्रस्तुत करता है कि उसकी शिकायत का समाधान नहीं हुआ है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सभी नगर परिषदों और नगरपालिकाओं को यह भी निर्देश दिए कि जारी किए गए व्हाट्सएप नंबर की जानकारी सभी वार्ड समिति सदस्यों और वार्ड पार्षदों तक पहुंचाई जाए। साथ इस सुविधा के बारे में नागरिकों को जागरूक किया जाए।
इसके अलावा कार्यकारी अधिकारी, सचिव, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक और फील्ड स्टाफ को निर्देशित किया गया है कि वे इन आदेशों का तुरंत प्रभाव से पालन सुनिश्चित करें। जिला नगर आयुक्त वीरेंद्र सहरावत ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान होगा और नगर क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
