अब IIT-JEE और NEET की तैयारी के लिए कोटा जाने की जरूरत नहीं, सिरसा में शुरू हुआ विशेष कार्यक्रम
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा के महाराजा अग्रसेन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उच्च शिक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। स्कूल में देश के सुप्रसिद्ध कोचिंग संस्थान 'बंसल क्लासेज (कोटा)' के साथ मिलकर एक विशेष इंटीग्रेटेड कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के शुरू होने से अब सिरसा और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने ही शहर और स्कूल परिसर में गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

इस भव्य कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर इंटीग्रेटेड कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में पहुँचने पर स्कूल प्रबंध समिति के प्रधान अनिल गनेरीवाला, समिति के सुनील सर्राफ, कुंजबिहारी रातुसरिया, भीम सर्राफ, सतीश हिसारिया एवं प्राचार्य जपनीत कौर, उप प्राचार्य शिवा सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने गोबिंद कांडा का गर्मजोशी व पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि गोबिंद कांडा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति को इस नए अध्याय की शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई दी। गोबिंद कांडा ने कहा कि पूर्व मंत्री भाई गोपाल कांडा ने अग्रसेन जयंती समारोह में ही बच्चों से आह्वान किया था कि वे उच्च शिक्षित बनकर आईएएस, आईपीएस और न्यायधीश बन कर देश की सेवा करें। अग्रसेन स्कूल में यह नई शुरुआत भाई गोपाल कांडा की बात को आगे बढ़ाती है।

उन्होंने महाराजा अग्रसेन स्कूल समिति के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की "बच्चों को बचपन और किशोरावस्था से ही सही दिशा मिलना बेहद आवश्यक है। अक्सर हमारे क्षेत्र के बच्चों को IIT-JEE, NEET व अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा जाना पड़ता था। अब कोटा का सुप्रसिद्ध बंसल क्लासेज खुद अग्रसेन स्कूल के प्रांगण में आ गया है। इस पहल से सिरसा के विद्यार्थियों के सपनों को एक मजबूत दिशा मिलेगी और वे देश के शीर्ष संस्थानों में अपनी जगह बना सकेंगे।"
स्कूल समिति के प्रधान अनिल गनेरीवाला ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि बंसल क्लासेज की विश्वस्तरीय शिक्षण प्रणाली से बच्चों की प्रतिभा में और निखार आएगा। स्कूल समय के दौरान ही इंटीग्रेटेड कोचिंग मिलने से बच्चों का समय और ऊर्जा दोनों बचेंगे, जिससे वे बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर स्कूल प्रबंध समिति के सुनील सर्राफ, कुंजबिहारी रातुसरिया, भीम सर्राफ, सतीश हिसारिया, संजय साहुवाला एवं प्राचार्य जपनीत कौर, उप प्राचार्य शिवा गुप्ता, बंसल क्लासेज के रवि प्रताप सिंह, दीपेश गोचर, अभी शक्ति पाल सहित पदाधिकारी, शिक्षकगण, प्रतिनिधि, विद्यार्थी और भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने इस संयुक्त पहल का स्वागत किया और सिरसा के शैक्षणिक विकास में इसे एक बड़ा मील का पत्थर बताया।
