NSS युवाओं को अनुशासन, सेवा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, Sirsa की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा राज्य एनएसएस सेल, उच्च शिक्षा विभाग, हरियाणा, पंचकूला के प्रायोजन में 21 से 27 फरवरी, 2026 तक आयोजित सात दिवसीय विश्वविद्यालय स्तरीय शिविर का शुभारंभ कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के करकमलों द्वारा किया गया। यह शिविर “यूथ फॉर माय भारत एंड डिजिटल लिटरेसी” विषय पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ, जिससे परिसर में सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना। शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए एनएसएस समन्वयक डॉ. रोहतास ने बताया कि यह आयोजन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विश्वविद्यालय को आवंटित किया गया है। इस शिविर में हरियाणा के विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा सीडीएलयू से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन प्रातः 6 बजे योग एवं प्राणायाम से दिनचर्या का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम जागरूकता, श्रमदान एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सांयकालीन सत्रों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, व्यक्तित्व विकास व्याख्यान, समूह चर्चा तथा प्रेरक गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व एवं संवाद कौशल को निखारा जाएगा।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रोफेसर विजय कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। डिजिटल युग में युवाओं का सशक्त, जागरूक एवं सामाजिक रूप से जिम्मेदार होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के माध्यम से नेतृत्व क्षमता विकसित करने और डिजिटल साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कुलगुरु ने कहा कि NSS युवाओं को अनुशासन, सेवा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की चर्चा करते हुए युवाओं से कौशल, नवाचार और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समाधान-केंद्रित सोच से रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
यह 7 दिवसीय शिविर युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हुए डिजिटल साक्षरता के प्रसार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा। एनएसएस समन्वयक ने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ शिविर में भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली के कुलसचिव प्रो. हितेश शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजकुमार, प्रो. मोनिका सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
