home page

NSS से युवाओं का सर्वांगीण विकास और सेवा भावना: डॉ. जय प्रकाश

 | 
NSS promotes holistic development of youth and spirit of service: Dr. Jai Prakash
mahendra india news, new delhi
 जननायक चौधरी देवी लाल विद्यापीठ, SIRSA में स्थित JCD शिक्षण महाविद्यालय द्वारा 7 दिवसीय एनएसएस शिविर का विधिवत शुभारंभ आज महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया गया। यह शिविर निकटवर्ती ग्राम हांडी खेड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. सुधांशु गुप्ता ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात एनएसएस इकाई के संयोजक डॉ. राजेंद्र कुमार द्वारा अतिथियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. जयप्रकाश ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास करते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लें और अपने प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करें।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और एनएसएस जैसे मंच उन्हें अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।

WhatsApp Group Join Now

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सतनारायण ने शिविर की रूपरेखा एवं उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सात दिवसीय शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना तथा नेतृत्व कौशल का विकास करना है।

शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, प्रौढ़ शिक्षा, दिव्यांग बच्चों की पहचान तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, स्वयंसेवक गांव में रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे।

शुभारंभ के उपरांत प्रथम दिवस पर स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सतनारायण ने कुशलतापूर्वक किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

यह एनएसएस शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।