अधिकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान: डीसी शांतनु शर्मा
mahendra india news, new delhi
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। बैठक के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। सिरसा के लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त शांतनु शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाए। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, वित्त विभाग, मत्स्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सिंचाई, काडा, उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम, माइनिंग, पंचायती राज, जनस्वास्थ्य, राजस्व, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, खेल विभाग, अर्बन लोकल बॉडी लोक निर्माण विभाग आदि की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त शांतनु शर्मा ने जिला सिरसा में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा गया कि वे नियमित रूप से फील्ड विजिट कर विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए, जिससे संसाधनों का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि जो भी केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं हैं, उनका लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे, अधिकारी इस बात को सुनिश्चित करें। योजनाओं के क्रियान्वयन को समय-समय पर चेक करते रहें, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे किए जा सकें। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. सुभाष चंद्र, कृषि उप निदेशक डा. सुखदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
