14 मई को आज 16 प्रदेशों में तूफानी आंधी-बरसात का अलर्ट, इस गति से चलेगी हवाएं
मौसम में आज वीरवार यानि 14 मई 2026 को भी बदलाव देखने को मिलेगा। हरियाणा राजस्थान समेत कई प्रदेशों में आंधी, बरसात का अलर्ट जारी कर दिया गया है। दूसरी ओर दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मॉनसून की एंट्री हो रही है। इस बीच भारत मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक 16 प्रदेशों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों में पू्र्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में भी कई स्थानों पर अत्यधिक बरसात होने की संभावना है। जबकि उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में 19 मई तक लू से लेकर भीषण लू चल सकती है।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, अंडमान-निकोबार में मध्यम से भारी बरसात जारी रह सकती है। केरल, तमिलनाडु, सिक्किम और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल में तेज बरसात के दौर संभव हैं। पूर्वोत्तर भारत, कर्नाटक, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम राजस्थान में भीषण लू जारी रहने की आशंका है, जबकि मध्य प्रदेश, विदर्भ और गुजरात में भी लू चल सकती है।
