एम.एड. तथा एम.एड. स्पेशल (इंटेलेक्चुअल डिसएबिलिटी) पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा से संबंधित सेल्फ फाइनेंसिंग शिक्षा महाविद्यालयों में संचालित एम.एड. तथा एम.एड. स्पेशल (इंटेलेक्चुअल डिसएबिलिटी) पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीन ऑफ कॉलेजिज प्रोफेसर राम मेहर दीक्षित ने बताया कि प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रथम मेरिट सूची 12 अगस्त को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।
प्रथम मेरिट सूची के चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन एवं प्रवेश शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 12 से 14 अगस्त तक संबंधित महाविद्यालयों में संपन्न होगी। द्वितीय मेरिट सूची 17 अगस्त को जारी की जाएगी तथा इसके चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन एवं प्रवेश शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 17 से 19 अगस्त तक होगी। इसके उपरांत रिक्त सीटों का विवरण 20 अगस्त को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा।
यदि प्रथम एवं द्वितीय मेरिट सूची के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो 21 से 30 अगस्त 2026 तक संबंधित महाविद्यालयों द्वारा तृतीय चरण की फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। महाविद्यालयों को अंतिम रूप से भरी गई सीटों की रिपोर्ट 31 अगस्त तक विश्वविद्यालय के कॉलेज शाखा कार्यालय में भेजनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन एवं प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कक्षाओं का शुभारंभ 17 अगस्त 2026 से किया जाएगा।
