टूल्स एंड रियल वर्ल्ड ऍप्लिकेशन्स विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा फाउंडेशन एंड फ्रंटियर ऑफ बायोइनफॉर्मेटिक्स: डाटाबेसेस, टूल्स एंड रियल वर्ल्ड ऍप्लिकेशन्स विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बायोइनफॉर्मेटिक्स की मूल अवधारणाओं तथा इसके बढ़ते वैज्ञानिक महत्व से अवगत कराना था।
इस व्याख्यान में सीडीएलयू के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सुरेश कुमार गहलावत ने बतौर मुख्य वक्ता बोलते हुए बायोइनफॉर्मेटिक्स की आधारभूत संरचना, जैविक डाटाबेस की भूमिका तथा आधुनिक कम्प्यूटेशनल टूल्स पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं,
कृषि तथा औषधि खोज (ड्रग डिस्कवरी) के क्षेत्र में बायोइनफॉर्मेटिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है और कैसे तकनीक एवं जीव विज्ञान मिलकर वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध के नए अवसरों की ओर अग्रसर होने तथा पारंपरिक जैविक ज्ञान को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का आयोजन वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर एम.के. किदवई के मार्गदर्शन में किया गया। सहायक प्रोफेसर ज्योति रानी, डॉ. नीलम, ममता एवं संदीप ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा बायोइनफॉर्मेटिक्स के व्यावहारिक उपयोगों पर सार्थक चर्चा की।
अंत में वनस्पति विज्ञान विभाग की ओर से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। यह व्याख्यान उच्च अध्ययन एवं शोध में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई और उभरते वैज्ञानिकों को नवाचार की दिशा में प्रेरित करने में सहायक रही।
