पीएचडी शोधार्थी डिम्पल सैनी ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ग्रीष्मकालीन फिल्म एप्रिसिएशन कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की पीएचडी शोधार्थी डिम्पल सैनी ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ग्रीष्मकालीन फिल्म एप्रिसिएशन कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सेवा सिंह बाजवा ने बताया कि विभाग के विद्यार्थी समय-समय पर व्यवहारिक रूप से दक्ष होने के उद्देश्य से देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रशिक्षण ग्रहण करते हैं।
उसी दिशा में विभाग की शोधार्थी डिम्पल सैनी ने यह कोर्स संपन्न किया है। उन्होंने कहा कि यह तीन सप्ताह का आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम देश के चुनिंदा प्रतिभागियों के लिए आयोजित किया जाता है।
शोधार्थी डिम्पल सैनी ने बताया कि वे पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में इम्तिआज़ अली की फिल्मों पर पीएचडी शोध कार्य विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ रविंद्र ढिल्लों के दिशा निर्देशन में कर रही है। डिम्पल ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें विश्व सिनेमा को समझने की नई दृष्टि मिली, जो उनके शोध एवं फिल्म अध्ययन के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ ।
उसने बताया कि कोर्स के दौरान देशभर से आए शोधार्थियों, शिक्षकों, फिल्मकारों एवं सिनेमा अध्येताओं को भारतीय और विश्व सिनेमा के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए गए। प्रतिभागियों ने हॉलीवुड, फ्रेंच, जापानी, सोवियत तथा भारतीय सिनेमा सहित समकालीन फिल्म प्रवृत्तियों का अध्ययन किया तथा क्लासिक फिल्मों की स्क्रीनिंग और उनके विश्लेषण में भाग लिया। इस दौरान प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्रीराम राघवन के साथ संवाद का अवसर भी मिला। प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों ने एफटीआईआई परिसर, प्रभात स्टूडियो, फिल्म संग्रहालय एवं फिल्म अभिलेखागार का भ्रमण किया तथा भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित हुए। समापन समारोह में एफटीआईआई के कुलपति प्रो. धीरज सिंह ने प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।
