home page

राष्ट्रीय युवा महोत्सव जैसे मंच विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण

 | 
Platforms like National Youth Festival are extremely important for the overall development of students

 mahendra india news, new delhi
राष्ट्रीय युवा महोत्सव जैसे मंच विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, जहां उन्हें अपनी रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। हमारे विद्यार्थियों ने न केवल सांस्कृतिक विविधता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि अनुशासन, समर्पण और टीमवर्क का भी श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। ये विचार चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने चेन्नई में आयोजित 39वें नेशनल यूथ फेस्टिवल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर के 185 विश्वविद्यालयों के बीच अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर विश्वविद्यालय में पहुंचे प्रतिभागियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह में व्यक्त किए।


युवा कल्याण निदेशालय द्वारा बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सीडीएलयू के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती। प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में सहभागिता को प्रोत्साहित करता रहेगा।


कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करती हैं और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए युवा कल्याण निदेशालय की निदेशक डॉ. मंजू नेहरा ने बताया कि चेन्नई से विजयी होकर विश्वविद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों का परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

WhatsApp Group Join Now

उन्होंने बताया कि 10 से 14 मार्च 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें सीडीएलयू के सांस्कृतिक दल ने अपने बहुआयामी प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि इस विजयी दल का नेतृत्व टीम इंचार्ज अनिल रोहिल्ला एवं प्रीत कौर ने किया, जबकि डीन स्टूडेंट वेलफेयर के नॉमिनी डॉ. राजेश छिकारा के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जित की। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर राजकुमार, डीन ऑफ कॉलेजिज प्रोफेसर राम मेहर दीक्षित, प्रोफेसर जोगिंदर दुहन, प्रोफेसर रणजीत कौर, डॉ रोहतास, डॉ दिलावर, राजेश छिकारा आदि उपस्थित थे।