home page

ख्योंवाली में तीसरे दिन भी बिजली संकट बरकरार, पूर्व सरपंच ने लगाया अधिकारियों पर फोन न उठाने का आरोप, जांच की मांग

 | 
Power crisis persists in Khyowali for the third consecutive day; former Sarpanch accuses officials of not answering calls and demands an inquiry

mahendra india news, new delhi
सिरसा। गांव ख्योंवाली में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी और उमस के कारण ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। पूर्व सरपंच रीना बीरट ने कहा कि ख्योंवाली बिजलीघर में लगाए गए निम्न गुणवत्ता के पुर्जों के कारण बार-बार तकनीकी खराबियां आ रही हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिजली के खंभों की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है, जिसके कारण उनके टूटने की घटनाएं अधिक होती हैं और बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह से कनिष्ठ अभियंता (जे. ई.) और एसडीओ, कालांवाली को कई बार फोन किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। वहीं कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन), डबवाली से फोन पर बात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया गया था, लेकिन उसके बावजूद अब तक स्थिति में कोई सुधार दिखाई नहीं दिया है।

रीना बीरट ने सरकार और बिजली विभाग से मांग की है कि ख्योंवाली बिजलीघर में लगाए गए पुर्जों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में निम्न गुणवत्ता के पुर्जे लगाए जाने की पुष्टि होती है तो उन्हें तत्काल बदलकर उच्च गुणवत्ता के पुर्जे लगाए जाएं तथा इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार बिजली संकट का सामना न करना पड़े।

WhatsApp Group Join Now