डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, सिरसा में प्रभातफेरी का आयोजन
mahendra india news, new delhi
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, सिरसा में आर्यसमाज स्थापना सप्ताह के उपलक्ष्य में आज प्रात:काल एक भव्य प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। इस प्रभातफेरी में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभातफेरी का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र सिंह दहिया ने किया।
विद्यार्थियों ने पुलिस लाईन क्षेत्र में जाकर जनसमूह को आर्यसमाज के सिद्धांतों से अवगत कराया। इस दौरान और शिक्षकों विद्यार्थियों द्वारा जनसमूह को पत्र वितरित किए गए, जिनमें आर्यसमाज स्थापना दिवस तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन एवं उनके महान कार्यों के बारे में जानकारी दी गई थी।प्रभातफेरी के दौरान विद्यार्थियों ने आर्यसमाज के प्रेरणादायक उद्घोष भी किए, जिससे वातावरण आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बन गया।
जनसमूह ने भी इस आयोजन में गहरी रुचि दिखाई और वे अत्यंत उत्साहित नजर आए।इस अवसर पर प्राचार्य महोदय श्रीमान् नरेंद्र सिंह दहिया ने सभी को आर्यसमाज स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस विशेष सप्ताह के दौरान विद्यालय और सार्वजनिक क्षेत्रों में हवन, व्याख्यान, भजन संध्या एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों एवं वैदिक संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़े।यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ।
