Govt. ITI नाथूसरी चौपटा में 25 मई को लगेगा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला
नाथूसरी चौपटा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नाथूसरी चौपटा में आगामी 25 मई 2026 को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। संस्थान के प्रधानाचार्य बुध राम के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी व ग्रुप इंस्ट्रक्टर अमनदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, यह मेला प्रातः 10:00 बजे शुरू होगा, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं का चयन करेंगे।
इस मेले में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं के लिए कई प्रमुख कंपनियों के अवसर उपलब्ध रहेंगे। इनमें स्वराज इंजन लिमिटेड (महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप), मोहाली द्वारा 100 पद, मासू ब्रेक्स पैड्स प्राइवेट लिमिटेड, बहादुरगढ़ द्वारा 100 पद, और वेलस्प्रिंग यूनिवर्सल प्राइवेट लिमिटेड, बहादुरगढ़ द्वारा 82 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, कोलकाता ब्यूटी पार्लर और दयाराम होसीरी में भी सिलाई और सौंदर्य तकनीक से जुड़े युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे।
प्लेसमेंट अधिकारी अमनदीप ने बताया कि इस मेले में भाग लेने के लिए आईटीआई के पासशुदा और अपीयरिंग छात्र-छात्राओं का अप्रेंटिसशिप पोर्टल www.apprenticeship.gov.in पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा और मूल प्रमाण पत्र लेकर सुबह 9:00 बजे तक संस्थान में रिपोर्ट करना होगा। प्रधानाचार्य बुध राम और प्लेसमेंट सेल ने क्षेत्र के युवाओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में शामिल होकर अपने भविष्य को संवारने का अवसर प्राप्त करें।
