home page

SIRSA के निजी विद्यालय संचालकों ने नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी से की शिष्टाचार भेंट

 | 
Private school operators of Sirsa paid a courtesy visit to the newly appointed District Education Officer

Mahendra india news, new delhi
 जिला सिरसा के निजी विद्यालयों के संचालकों ने नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला से शिष्टाचार भेंट कर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय संचालकों ने उन्हें गुलदस्ते भेंट किए तथा मुंह मीठा करवाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता एवं सौहार्द से परिपूर्ण रहा।

इस शिष्टाचार भेंट में जिला सिरसा भाजपा अध्यक्ष एवं जय श्री स्कूल के संचालक यतिंद्र सिंह एडवोकेट, दयानंद स्कूल के संचालक बलदेव सहगल, गीता सीनियर सैकेंडरी स्कूल बेगू के संचालक डॉ. जगदीश नारंग, न्यू विकास सीनियर सैकेंडरी स्कूल के संचालक रोशन लाल चामल, एम.आर.एस. स्कूल के संचालक राजकुमार अरोड़ा, भाजपा जिला महामंत्री अम्बर कुमार एवं संगम स्कूल भरोखां के संचालक छगन सेठी सहित अनेक निजी विद्यालय संचालक उपस्थित रहे। विद्यालय संचालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला को पदभार ग्रहण करने पर बधाई देते हुए विश्वास दिलाया कि जिले के निजी विद्यालय शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने तथा विभागीय कार्यों में प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों का भविष्य और अधिक उज्ज्वल बनाया जा सकता है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में शिक्षा विभाग और विद्यालय संचालकों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

WhatsApp Group Join Now

उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त डीईओ सुभाष फुटेला के नेतृत्व में जिले में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलेगी। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष जी फुटेला ने सभी विद्यालय संचालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है और इसे मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी एवं निजी विद्यालय शिक्षा के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और दोनों के सहयोग से ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

उन्होंने विद्यालय संचालकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक शिक्षा, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग सदैव सकारात्मक सोच एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करेगा तथा शिक्षा से जुड़े प्रत्येक पक्ष की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यालय संचालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी के साथ शिक्षा हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जिले में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।