CDLU की प्रो. प्रियंका सिवाच का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन, अमेरिका में कपास रोगों पर करेंगी शोध
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की प्रोफेसर प्रियंका सिवाच को वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित फुलब्राइट-नेहरू अकादमिक एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता फेलोशिप के लिए चयनित किया गया है। इस फेलोशिप के तहत वह जनवरी से जुलाई 2027 तक अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना, टक्सन में छह माह तक शोध कार्य करेंगी। वहां वह प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो. जूडिथ के. ब्राउन के साथ मिलकर पौधों में विषाणुजनित रोगों तथा उन्हें फैलाने वाले कीटों के नियंत्रण के लिए नवीन एवं टिकाऊ तकनीकों पर शोध करेंगी।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धि से शैक्षणिक माहौल विकसित होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की पहचान रिसर्च से होती है। उन्होंने कहा कि दूसरे प्राध्यापक भी इस दिशा में कार्य करें। इस उपलब्धि पर कुलसचिव डॉ सुनील कुमार, बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के अध्यक्ष प्रोफेसर सुरेश गहलावत व अन्य प्राध्यापकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रो. सिवाच का यह शोध विशेष रूप से कपास की फसल को प्रभावित करने वाले कपास पत्ती मरोड़ रोग (कॉटन लीफ कर्ल डिजीज) के प्रबंधन पर केंद्रित होगा। यह रोग हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत के प्रमुख कपास उत्पादक क्षेत्रों में किसानों के लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ है। सफेद मक्खी इस रोग को फैलाने का प्रमुख माध्यम है। परंपरागत कीटनाशकों के प्रति सफेद मक्खी में बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता के कारण इस रोग का नियंत्रण लगातार कठिन होता जा रहा है। इसके अतिरिक्त कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से खेती की लागत बढ़ने के साथ पर्यावरण और लाभकारी जीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
रासायनिक कीटनाशकों के विकल्प पर होगा शोध
प्रस्तावित शोध में आरएनए इंटरफेरेंस (RNAi) तकनीक के माध्यम से कीटों और विषाणुओं के बीच होने वाली आणविक प्रक्रियाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा। यह एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, जिसका उपयोग विशिष्ट जीन की गतिविधि को नियंत्रित करने में किया जा सकता है। इस तकनीक के आधार पर भविष्य में ऐसे आरएनए आधारित जैव-कीटनाशकों के विकास की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा, जो पारंपरिक रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने में सहायक हो सकते हैं। शोध का उद्देश्य फसल संरक्षण के लिए अधिक लक्षित, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ विकल्पों की दिशा में योगदान देना है।
प्रो. प्रियंका सिवाच पिछले कई वर्षों से कपास पत्ती मरोड़ रोग पर शोध कर रही हैं। उनके शोध समूह द्वारा इस विषय पर 15 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए जा चुके हैं। इनमें विषाणुओं की विविधता, उनके जीनोम में होने वाले बदलाव, आणविक अंतःक्रियाओं तथा जैव प्रौद्योगिकी आधारित रोग प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन शामिल है। सीडीएलयू में प्रारंभ किए गए इस शोध कार्य को आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय कपास अनुसंधान संस्थान (सीआईसीआर), नागपुर के साथ हुए समझौता ज्ञापन के तहत भी सहयोग किया जा रहा है।
प्रो. प्रियंका सिवाच ने बताया कि उनका दीर्घकालिक उद्देश्य पौधों, विषाणुओं और कीटों के बीच होने वाली अंतःक्रियाओं की वैज्ञानिक समझ को टिकाऊ फसल संरक्षण तकनीकों में परिवर्तित करना है। फुलब्राइट फेलोशिप के माध्यम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों के साथ मिलकर अपने शोध को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस शोध के परिणाम न केवल भारतीय कृषि के लिए उपयोगी हो सकते हैं, बल्कि विश्व स्तर पर कीट प्रबंधन की चुनौतियों के समाधान में भी योगदान दे सकते हैं।
25 वर्षों से अधिक का शिक्षण एवं शोध अनुभव
प्रो. प्रियंका सिवाच जैव प्रौद्योगिकी एवं आणविक जीवविज्ञान में पीएचडी हैं और उन्हें विश्वविद्यालय स्तर पर 25 वर्षों से अधिक का शिक्षण एवं शोध अनुभव है। उन्होंने 85 से अधिक शोध एवं समीक्षा पत्र प्रकाशित किए हैं तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित प्रकाशकों के साथ पांच पुस्तकों का लेखन एवं संपादन किया है। उनके नाम एक भारतीय पेटेंट भी है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जीनोम एनोटेशन के लिए एक नवीन कंप्यूटेशनल एल्गोरिदम के विकास में योगदान दिया है, जिसका शोधपत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल न्यूक्लिक एसिड्स रिसर्च में प्रकाशित हुआ है। वह नौ शोधार्थियों को पीएचडी करवा चुकी हैं। उन्होंने सीडीएलयू में डीन रिसर्च, डीन फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग की अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वह विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर लाइफ स्किल्स की निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
उल्लेखनीय है कि फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप भारत और अमेरिका के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को प्रोत्साहित करने वाली प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप है। प्रो. प्रियंका सिवाच का चयन चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि है। इससे विश्वविद्यालय में हो रहे शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र की स्थानीय चुनौतियों के समाधान के लिए वैश्विक स्तर पर सहयोग के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
फुलब्राइट कार्यक्रम को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों में से एक माना जाता है। इसके पूर्व छात्रों में नोबेल पुरस्कार विजेता, पुलित्जर पुरस्कार विजेता और वैश्विक शैक्षणिक जगत के दिग्गज शामिल हैं। एक अत्यंत प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के माध्यम से दी जाने वाली 'फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप', भारतीय शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं को अमेरिका के संस्थानों में उच्च-स्तरीय शोध और अध्यापन कार्य करने के लिए पूर्णतः वित्तपोषित अवसर प्रदान करती है।
